18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा और छूटे हुए पात्र नागरिक करा सकेंगे नाम दर्ज, सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ
संवाददाता
कानपुर देहात।
जनपद में मतदाता सूची को दुरुस्त करने और नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए 24 अक्टूबर 2026, शनिवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष मतदाता कैम्प आयोजित किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को आवेदन करने का अवसर मिलेगा।
18 वर्ष पूरे करने वाले युवा जरूर करें आवेदन
जिन नागरिकों ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है या जिनका नाम 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए पात्र नागरिकों को नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास प्रमाण से संबंधित अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां साथ लानी होंगी। परिवार के किसी सदस्य के मतदाता पहचान पत्र (EPIC) की संख्या उपलब्ध होने पर उसे भी साथ ले जाना उपयोगी रहेगा।
बीएलओ प्राप्त करेंगे फॉर्म-6
विशेष कैम्प के दौरान संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 प्राप्त करेंगे। कैम्प सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जनपद के सभी बीएलओ और सुपरवाइजर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे।
बीएलओ के पास 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के साथ उसके बाद जारी सभी पूरक सूचियां भी उपलब्ध रहेंगी, ताकि नागरिक सूची में अपना नाम जांच सकें और आवश्यकतानुसार आवेदन कर सकें।
अधिकारियों को निगरानी के निर्देश
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर कैम्प की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
प्रशासन का उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची में नाम शामिल न होने के कारण अपने मताधिकार से वंचित न रहे। जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।