संवाददाता | कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान सोमनाथ मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति का सजीव प्रसारण माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में देखा और सुना गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, जिलाधिकारी कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं नारीशक्ति उपस्थित रही।
इस अवसर पर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्र गौरव एवं आध्यात्मिक चेतना के संदेश को आत्मसात किया गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को गंभीरता से सुना तथा भारतीय संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद के सभी नगर निकायों एवं विकास खंडों के अंतर्गत आने वाले शिवालयों एवं मंदिरों में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। मंदिर परिसरों की साफ-सफाई कर आकर्षक सजावट की गई। वहीं श्रद्धालुओं द्वारा भजन-कीर्तन, मंत्रोच्चार, ‘ॐ’कार जप एवं रुद्राभिषेक जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।
शासन के निर्देशानुसार विभिन्न स्थानों पर एलईडी एवं प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया गया, जिससे अधिक से अधिक लोग आयोजन से जुड़ सके। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं। वक्ताओं ने कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक एकता, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्र गौरव का प्रतीक है, जो समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करता है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, उपायुक्त नरेगा अशोक कुमार तथा डीसी एनआरएलएम गंगाराम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।