प्रभारी मंत्री व जनप्रतिनिधियों ने किया शिविर का उद्घाटन, अस्पताल में भर्ती मरीजों को वितरित किए फल
संवाददाता
कानपुर देहात।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, अकबरपुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रभारी मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार अजीत सिंह पाल, राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, सांसद देवेंद्र सिंह भोले, जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, विधायक रसूलाबाद पूनम शंखवार, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया तथा रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है।
इसी क्रम में जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रमों से जनसेवा एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा मिलता है। स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना समाज के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।