सात विकासखंडों में सजा ‘सेवा सेतु’, एक छत के नीचे मिलीं सरकारी सेवाएं

शिविरों में पात्र लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, अमरौधा में मंत्री राकेश सचान ने वितरित किए बीज

संवाददाता
कानपुर देहात।

सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जनपद के सात विकासखंडों—अकबरपुर, मैथा, रसूलाबाद, अमरौधा, मलासा, सरवनखेड़ा और झींझक में ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिविरों में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

शिविरों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौके पर आवेदन भरवाकर पात्रता का सत्यापन किया और पात्र आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की। स्वीकृत आवेदनों के आधार पर प्रमाण-पत्र, दिव्यांगजन सहायक उपकरण सहित आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य जांच शिविर लगाकर लोगों का परीक्षण किया तथा उन्हें चिकित्सीय परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराईं।

अमरौधा में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने किसानों को बीज वितरित किए। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने मलासा ब्लॉक में तैयार की गई आकर्षक रंगोली का भी अवलोकन किया।

‘सेवा सेतु’ कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। इससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और उनका लाभ उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *