कानपुर देहात।
आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के अंतर्गत जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने विभिन्न वादों की सुनवाई करते हुए उनका निस्तारण कराया। जिलाधिकारी ने न्यायालय में आए प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए कई मामलों का आपसी सहमति के आधार पर समाधान कराया, जिससे संबंधित पक्षों को त्वरित और सुलभ न्याय प्राप्त हो सका।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान राजस्व, पुलिस और अन्य विभागों से संबंधित प्रकरणों पर विचार किया गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मामलों का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया। इससे लोगों को लंबे समय से लंबित विवादों से राहत मिली और न्यायालयों में अनावश्यक लंबित मामलों की संख्या भी कम हुई।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आमजन को शीघ्र, सस्ता और सुलभ न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से विवादों का समाधान होने से न्यायिक प्रक्रिया सरल होती है और दोनों पक्षों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण भी बनता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक प्रकरणों का आपसी सहमति से निस्तारण कराते हुए जनता को त्वरित राहत प्रदान की जाए।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि जनता से जुड़े मामलों का शीघ्र एवं निष्पक्ष समाधान कराया जाए। उन्होंने बताया कि लोक अदालत एक प्रभावी मंच है, जहां विवादों का शांतिपूर्ण समाधान संभव है और इससे लोगों को न्यायालयों के लंबे समय तक चलने वाले मुकदमों से राहत मिलती है।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।