रात में निकले डीएम, सफाई व्यवस्था का लिया जायजा

सफाई मित्रों से किया संवाद, नगर निकायों में रातभर चला विशेष सफाई अभियान

संवाददाता
उरई/जालौन

स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी समीर देर रात शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे और सफाई व्यवस्था का जमीनी जायजा लिया। डीएम के अचानक रात में निरीक्षण के लिए निकलने से नगर निकायों का सफाई अमला भी सक्रिय नजर आया। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर चल रहे सफाई कार्यों का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद सफाई मित्रों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने सफाई मित्रों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए विशेष सफाई अभियान को पूरी गंभीरता और निरंतरता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर जनपद के सभी नगर निकायों एवं नगर पंचायतों में रातभर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

बाजारों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक चला सफाई अभियान

अभियान के दौरान बाजारों, मुख्य मार्गों, चौराहों, धार्मिक स्थलों, नालियों, सार्वजनिक स्थलों एवं आवासीय क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सफाई कराई गई। विभिन्न स्थानों पर जमा कूड़े को एकत्रित कर उसका नियमानुसार निस्तारण कराया गया।

सफाई अभियान में नगर निकायों के उपलब्ध संसाधनों एवं कर्मचारियों को पूरी क्षमता के साथ लगाया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियान की निगरानी करते हुए सफाई कार्यों को निर्धारित तरीके से पूरा कराया।

जनसहयोग से ही बनेगा स्वच्छ जालौन

जिलाधिकारी समीर ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अपने आसपास गंदगी न फैलाएं, कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और नगर निकायों की सफाई व्यवस्था में सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जनसहयोग के साथ ही स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर-कस्बों के संकल्प को पूरी तरह साकार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *