मिशन शक्ति 5.0: बाजारों से गांवों तक गूंजा महिला सुरक्षा का संदेश

महिलाओं व बालिकाओं को हेल्पलाइन, कानूनी अधिकार और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार को कानपुर देहात पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।

हेल्पलाइन नंबरों और UPCOP ऐप की दी जानकारी

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन और 1076 सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इसके साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

साइबर अपराध और कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक

पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के प्रति भी सतर्क किया। इस दौरान फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक तरीके बताए गए। साथ ही POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम और घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम समेत विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

कानपुर देहात पुलिस ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें। पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा और महिलाओं के प्रति अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *