मलासा में बाल संरक्षण और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ को लेकर बैठक, योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने पर जोर

बाल अधिकारों, महिला सुरक्षा और बाल विवाह रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश, हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

संवाददाता
कानपुर देहात।

जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश और मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को मलासा ब्लॉक सभागार में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना की ब्लॉक टास्कफोर्स की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी संजय कनौजिया ने की। इसमें बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा, बाल विवाह की रोकथाम और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

बाल अधिकारों और संरक्षण के कानूनी प्रावधानों की दी जानकारी

बैठक में संरक्षण अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ओझा ने मिशन वात्सल्य योजना के तहत बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनके उचित पालन-पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करना तथा उन्हें हिंसा, दुर्व्यवहार और शोषण से बचाना समिति की प्रमुख जिम्मेदारी है।

उन्होंने बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों, पॉक्सो अधिनियम-2012 और किशोर न्याय अधिनियम-2015 के बारे में जानकारी देते हुए बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई। इसके साथ ही मानव तस्करी की रोकथाम, बाल अपराधों पर अंकुश लगाने और जरूरतमंद बच्चों को परिवार का संरक्षण दिलाने के लिए प्रवर्तकता कार्यक्रम एवं फॉस्टर केयर योजना की जानकारी दी।

ग्राम स्तर पर योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश

खंड विकास अधिकारी संजय कनौजिया ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का ग्राम स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों की नियमित बैठकें आयोजित करने और उनकी कार्यवाही व फोटो संबंधित कार्यालय में जमा कराने के निर्देश भी दिए।

बाल विकास परियोजना अधिकारी वंदना सचान ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

महिला सुरक्षा और बाल विवाह रोकथाम पर जोर

हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की जिला मिशन समन्वयक प्रतिमा श्रीवास्तव ने महिलाओं के खिलाफ हिंसा और भेदभाव समाप्त करने, बाल विवाह रोकने तथा महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की अपील की।

बैठक में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महिलाओं और बच्चों के अधिकारों की रक्षा, सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने और ग्राम स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया।

हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

बैठक के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090 की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं से संबंधित जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर चिकित्साधिकारी डॉ. विकास कुमार, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी, श्रम विभाग से रवि कुमार, सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण, सामाजिक कार्यकर्ता अनीता यादव तथा आंगनवाड़ी सुपरवाइजर और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *