संवाददाता, कानपुर देहात।
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 27.05.2026 को पुलिस अधीक्षक, कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपदीय थाना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) शामिल हैं।
साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई तथा साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी भी दी गई।
अभियान के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में भी जागरूक किया गया, जिसमें POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित प्रावधान शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने हेतु यह अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाज में महिलाओं को सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण प्रदान करना तथा अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी रूप से लागू करना है।
कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम थाने या उपरोक्त हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें तथा सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त समाज के निर्माण में सहयोग प्रदान करें।