तहसील भोगनीपुर में संपूर्ण समाधान दिवस: जिलाधिकारी ने सुनीं 123 शिकायतें, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

कानपुर देहात। कानपुर देहात में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनपद की सभी तहसीलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय समाधान दिवस के तहत जिलाधिकारी कपिल सिंह ने भोगनीपुर तहसील में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

इस दौरान कुल 123 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री संदर्भ, जनप्रतिनिधियों के प्रकरण, आईजीआरएस एवं तहसील दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में निपटाने पर जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों को अपने कार्यालयों में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जनसुनवाई करने, शिकायत रजिस्टर संधारित करने, नियमित समीक्षा करने तथा आमजन के साथ शिष्ट व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके अलावा विद्युत विभाग को बिजली से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने एवं लटके हुए तारों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। गौशालाओं के नोडल अधिकारियों को तहसील क्षेत्र की गौशालाओं का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, डीडीओ सुनील कुमार तिवारी, डीसी मनरेगा अशोक कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *