जिला, मंडल एवं प्रदेश स्तरीय सिविल सर्विसेज चयन एवं ट्रायल्स 2026-27 का आयोजन, सरकारी कर्मचारियों से प्रतिभाग की अपील

संवाददाता
कानपुर देहात | 04 अगस्त 2026

जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 के लिए जिला, मंडल एवं प्रदेश स्तरीय सिविल सर्विसेज चयन एवं ट्रायल्स कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जिला क्रीड़ाधिकारी ने पात्र सरकारी कर्मचारियों एवं खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है।

जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्धीकी ने बताया कि जनपद स्तर पर विभिन्न खेलों के चयन एवं ट्रायल्स का आयोजन जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा कराया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी मंडल स्तरीय ट्रायल्स में भाग लेंगे, जबकि मंडल स्तर से चयनित खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत टेनिस, वॉलीबॉल, हॉकी, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कबड्डी, शतरंज, एथलेटिक्स, फुटबॉल, कैरम, ब्रिज, कुश्ती, पावर लिफ्टिंग, क्रिकेट, खो-खो एवं योगासन सहित विभिन्न खेल विधाओं में चयन एवं ट्रायल्स आयोजित किए जाएंगे।

टेनिस प्रतियोगिता का कार्यक्रम इस प्रकार निर्धारित किया गया है—

  • जिला स्तरीय ट्रायल्स: 13 अगस्त 2026
  • मंडल स्तरीय ट्रायल्स: 18 एवं 19 अगस्त 2026
  • प्रदेश स्तरीय ट्रायल्स: 24 एवं 25 अगस्त 2026 (श्रावस्ती)

जिला क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ऑटोनॉमस निकायों, परिषदों, बोर्डों, नगर निकायों, पंचायतों तथा पुलिस विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारी (अध्यापक एवं सहायक अध्यापक सहित) इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के पात्र होंगे। प्रतिभागियों को अपने विभागाध्यक्ष से पूर्व अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सरकारी कर्मचारियों को नियमानुसार ड्यूटी पर माना जाएगा तथा संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक अनुमति प्रदान की जाएगी। इच्छुक प्रतिभागी विभागीय अनुमोदन प्राप्त कर जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात से संपर्क कर सकते हैं।

जिला खेल कार्यालय ने जनपद के सभी पात्र सरकारी कर्मचारियों एवं खिलाड़ियों से अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने और प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *