संवाददाता, कानपुर देहात |
भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना अभियान (07 मई से 21 मई 2026) का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी कपिल सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में जनपद स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह ने स्वयं स्वगणना पोर्टल के माध्यम से अपनी स्वगणना कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना व्यवस्था भारत सरकार की एक आधुनिक, पारदर्शी एवं नागरिक सहभागिता आधारित पहल है, जिसके माध्यम से नागरिक घर बैठे ऑनलाइन अपने और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि निर्धारित अवधि 07 मई से 21 मई 2026 के बीच सभी नागरिक पोर्टल पर जाकर अपनी स्वगणना अवश्य करें।
उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया सरल, सुरक्षित, समय की बचत करने वाली और उपयोगकर्ता अनुकूल है। इससे जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी तथा सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके आधार पर सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, संसाधनों के वितरण, आधारभूत सुविधाओं के विकास एवं भविष्य की नीतियों का निर्धारण करती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वगणना अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि जिन नागरिकों को ऑनलाइन स्वगणना करने में कठिनाई हो, वे अपने निकटतम ग्राम सचिवालय, जन सुविधा केंद्र या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वगणना पोर्टल की कार्यप्रणाली की जानकारी भी दी गई और अभियान को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नीलिमा यादव, शालिनी उत्तम, सुरभि शर्मा, जिला आबकारी अधिकारी संजय यादव, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जनगणना नोडल अधिकारी वर्तिका गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।