संवाददाता | उरई/जालौन
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास खण्ड डकोर के ग्राम मोहम्मदाबाद में स्थित तालाब के जीर्णोद्धार कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तालाब परिसर का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए, जिससे तालाब को सुन्दर, सुरक्षित और उपयोगी बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तालाब के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाब केवल जल संचयन का स्रोत ही नहीं है, बल्कि गांव की सुंदरता और पर्यावरण संतुलन के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसके रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने तालाब के चारों ओर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक स्थानों पर लाइट लगाई जाए ताकि रात के समय भी क्षेत्र सुरक्षित और रोशन बना रहे और लोगों का आवागमन सुगम हो सके।
इसके साथ ही उन्होंने तालाब की सुरक्षा के लिए फेंसिंग कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फेंसिंग होने से तालाब का क्षेत्र संरक्षित रहेगा और इसके जीर्णोद्धार का उद्देश्य भी सफल होगा।
जिलाधिकारी ने तालाब के चारों ओर वृक्षारोपण कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं ताकि क्षेत्र हरित एवं पर्यावरण के अनुकूल बन सके। वृक्षारोपण से न केवल वातावरण शुद्ध होगा बल्कि गांव की प्राकृतिक सुंदरता भी बढ़ेगी।
उन्होंने तालाब को अधिक उपयोगी बनाने के लिए उसमें मछली पालन शुरू कराने के निर्देश दिए, जिससे ग्रामीणों को अतिरिक्त आय का स्रोत मिल सके। इसके साथ ही तालाब में कमल के फूल लगाए जाने के भी निर्देश दिए ताकि उसकी सुंदरता और आकर्षण बढ़ाया जा सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तालाब के जीर्णोद्धार का कार्य पूर्ण गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, खण्ड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।