निर्धारित समयसीमा में पूर्ण हों पेयजल योजनाएं, ग्रामीणों को मिले नियमित शुद्ध पेयजल : जिलाधिकारी
संवाददाता | कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन (फेज-2 एवं 3) के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता, घरेलू नल कनेक्शन (एफएचटीसी), नियमित जलापूर्ति, जल गुणवत्ता परीक्षण तथा जन शिकायतों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता ने बताया कि जनपद में जल जीवन मिशन (फेज-2 एवं 3) के तहत कुल 504 पेयजल योजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें से 208 योजनाएं ट्रायल रन पर हैं, जबकि 278 योजनाओं को संचालन एवं अनुरक्षण (ओ एंड एम) में शामिल किया जा चुका है। शेष योजनाओं का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर शीघ्र संचालित कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से तीन माह से अधिक समय से ट्रायल रन में चल रही योजनाओं को जल्द से जल्द संचालन एवं अनुरक्षण में शामिल करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सड़क पुनर्स्थापना कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाओं एवं सड़क पुनर्स्थापना से संबंधित सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में जल जीवन मिशन के कार्यों की नियमित निगरानी, गुणवत्ता मानकों के अनुपालन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर पेयजल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), कानपुर देहात के अधिशासी अभियंता टी.आर. कटारिया, सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर, टीपीआई, डीपीएमयू तथा विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।