संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। रविवार को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रीमती श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के सभी सर्किल स्तर पर संचालित ‘परिवार जागृति’ विकेंद्रीकृत परिवार परामर्श केंद्रों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पारिवारिक विवादों से संबंधित प्रकरणों में दोनों पक्षों की निष्पक्ष, संवेदनशील एवं धैर्यपूर्ण काउंसलिंग की गई। आपसी संवाद एवं समझौते के माध्यम से विवादों के सौहार्दपूर्ण एवं स्थायी समाधान का प्रयास किया गया।
जनपद के सर्किल अकबरपुर (पुलिस लाइन), सर्किल रसूलाबाद (थाना शिवली), सर्किल डेरापुर (थाना डेरापुर), सर्किल भोगनीपुर (थाना भोगनीपुर) तथा सर्किल सिकंदरा (थाना सिकंदरा) में आयोजित परिवार जागृति केंद्रों पर प्रशिक्षित महिला परामर्शदाताओं, महिला सुरक्षा दल एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों द्वारा पारिवारिक विवादों से जुड़े प्रकरणों की सुनवाई की गई। इस दौरान दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर आपसी सहमति से विवादों के समाधान का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सर्किल अकबरपुर (पुलिस लाइन) में 06 परिवारों, सर्किल सिकंदरा (थाना सिकंदरा) में 02 परिवारों तथा सर्किल डेरापुर (थाना डेरापुर) में 01 परिवार के बीच आपसी सहमति से समझौता कराया गया। इस प्रकार कुल 09 परिवारों को पुनः एक सूत्र में जोड़ते हुए उनके पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराया गया। शेष प्रकरणों में प्रभावी काउंसलिंग करते हुए अगली तिथि निर्धारित की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में ‘परिवार जागृति’ विकेंद्रीकृत परिवार परामर्श केंद्रों के माध्यम से पारिवारिक विवादों का त्वरित, संवेदनशील एवं मानवीय दृष्टिकोण से निस्तारण करते हुए परिवारों में संवाद, विश्वास एवं सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।