संवाददाता
कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की प्रगति और वर्तमान स्थिति की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।
जनसुनवाई को अधिक प्रभावी और व्यापक बनाने के उद्देश्य से जनपद स्तर के सभी अधिकारी, उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (ज़ूम) के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।
जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई और आईजीआरएस से संबंधित प्रकरणों में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन को त्वरित राहत प्रदान की जाए।