अवर अभियंता (सिविल) परीक्षा के सफल आयोजन हेतु जिलाधिकारी ने की बैठक

संवाददाता, कानपुर देहात

कानपुर देहात के जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित अवर अभियंता (सिविल) परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी आयोजन के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं सह केंद्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने परीक्षा की शुचिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने हेतु सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि जनपद में 03 मई 2026 को कुल 6 परीक्षा केंद्रों पर एक पाली में प्रातः 10:00 बजे से 12:05 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी।

परीक्षा केंद्रों में अकबरपुर इंटर कॉलेज, श्री कृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज (मोहम्मदपुर), श्री रामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज (पुखरायां), आरपीएस इंटर कॉलेज (रूरा), विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज (पुखरायां) एवं दयानंद ग्राम औद्योगिक इंटर कॉलेज (बाढ़ापुर) शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों का पुनः भौतिक सत्यापन किया जाए तथा पेयजल, स्वच्छ शौचालय, विद्युत, पंखे और स्वच्छता सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पुलिस विभाग को प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नकल रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की गई है, जिन्हें पूर्व निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने को कहा गया।

परिवहन एवं यातायात व्यवस्था के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात सुचारू रखा जाए और वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही अभ्यर्थियों के आवागमन के लिए पर्याप्त परिवहन साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, नकल अथवा परीक्षा में बाधा डालने वाली गतिविधियों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं पूर्ण सतर्कता के साथ परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

बैठक में भर्ती बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी भी अधिकारियों को दी गई।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सदस्य अखंड प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक ब्रजभूषण चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *