संवाददाता — कानपुर देहात
शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए आरटीई (Right to Education) के अंतर्गत निजी विद्यालयों में निःशुल्क प्रवेश की आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। योजना की जानकारी अधिक से अधिक पात्र अभिभावकों तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि आरटीई के तहत अलाभित समूह एवं दुर्बल वर्ग के बच्चों को निजी विद्यालयों में कक्षा-1 अथवा पूर्व-प्राथमिक (Pre-Primary) कक्षाओं में निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। प्रचार वाहनों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जाकर पात्र अभिभावकों को आवेदन प्रक्रिया, पात्रता एवं तिथियों की जानकारी दी जाएगी, ताकि कोई भी योग्य बच्चा इस योजना से वंचित न रह जाए।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया तीन चरणों में संचालित की जाएगी—
-
प्रथम चरण: 02 फरवरी से 16 फरवरी 2026
-
द्वितीय चरण: 21 फरवरी से 07 मार्च 2026
-
तृतीय चरण: 12 मार्च से 25 मार्च 2026
आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। पात्र अभिभावक आवेदन करते समय अधिकतम 10 निजी विद्यालयों का चयन कर सकते हैं। सभी आवेदनों के सत्यापन के पश्चात लॉटरी प्रणाली के माध्यम से बच्चों का चयन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे आरटीई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर समय से आवेदन करें और योजना का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षा में समानता और सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समन्वयक अश्वनी आनंद, अजीत कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।