युवा मतदाताओं से नामांकन की अपील, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
संवाददाता — उरई/जालौन
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद जालौन में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम–2026 के अंतर्गत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन दयानंद वैदिक कॉलेज में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए बताया कि 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, संशोधन एवं अद्यतन (अपडेशन) के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी नागरिक जिनकी आयु 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है अथवा उससे पूर्व पूर्ण हो चुकी थी, वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं।
जिलाधिकारी ने युवाओं से लोकतंत्र में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे सशक्त कड़ी है और प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से आगे आकर मतदाता पंजीकरण कराने तथा अन्य पात्र नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी भी प्रदान की।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राज कुमार पंडित, डीवीसी प्राचार्य राजेश चंद्र पाण्डेय, कॉलेज के शिक्षकगण, निर्वाचन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मतदाता सूची में नामांकन के प्रति जागरूक कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाना रहा।