राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह / जीरो फैटिलिटी के अंतर्गत पुलिस कर्मियों के लिए एक दिवसीय ‘फर्स्ट रेस्पोंडेंट ट्रेनिंग शिविर’ आयोजित

संवाददाता — कानपुर देहात

दिनांक 04 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह / जीरो फैटिलिटी अभियान के अंतर्गत पुलिस कर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों एवं सड़क दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित एवं प्रभावी सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से एक दिवसीय फर्स्ट रेस्पोंडेंट ट्रेनिंग शिविर का आयोजन किया गया।

इस प्रशिक्षण शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. यतेन्द्र शर्मा एवं प्रोग्राम मैनेजर श्री प्रदीप पाठक द्वारा पुलिस कर्मियों को सड़क दुर्घटना स्थल पर आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने, घायलों का प्राथमिक आकलन करने, रक्तस्राव नियंत्रण, श्वास मार्ग को सुरक्षित रखने, सी.पी.आर. (कार्डियो-पल्मोनरी रिससिटेशन) की बुनियादी तकनीकों, स्पाइनल इंजरी से बचाव, घायल को सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित करने तथा एम्बुलेंस सेवा एवं उन्नत चिकित्सा सहायता को तत्काल सूचित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि सड़क दुर्घटना अथवा किसी भी आपात स्थिति में घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचने वाले फर्स्ट रेस्पोंडेंट की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उनके द्वारा दिया गया त्वरित एवं सही प्राथमिक उपचार कई बार जीवन रक्षक सिद्ध होता है। पुलिस कर्मियों को इस प्रकार के प्रशिक्षण से सशक्त बनाना सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में समस्त क्षेत्राधिकारीगण, यातायात निरीक्षक सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *