जनपद के सभी थानों के मिशन शक्ति केंद्रों के अधिकारियों व कर्मचारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

संवाददाता – कानपुर देहात

कानपुर देहात।
दिनांक 28.12.2025 को पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में जनपद कानपुर देहात के सभी थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन मिशन शक्ति सहायक नोडल अधिकारी/क्षेत्राधिकारी सिकन्दरा, सुश्री प्रिया सिंह द्वारा किया गया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान मिशन शक्ति केंद्रों की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) से संबंधित विशेष प्रशिक्षण वीडियो प्रदर्शित किए गए।

इन वीडियो के माध्यम से केंद्रों के दैनिक संचालन, महिलाओं एवं बालिकाओं की शिकायतों के संवेदनशील निस्तारण, पीड़िताओं को कानूनी एवं मनोवैज्ञानिक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया तथा डाटा प्रबंधन से जुड़े व्यवस्थित दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त, सुश्री प्रिया सिंह द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा से संबंधित राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे मिशन शक्ति केंद्र पीड़ित महिलाओं को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम के अंत में मिशन शक्ति केंद्रों के सार्थक एवं प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनपद के सभी मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली में एकरूपता लाना, पीड़िताओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना तथा समन्वित प्रयासों के माध्यम से महिला सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।

इस अवसर पर जनपद के समस्त थानों के मिशन शक्ति केंद्रों से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *