संवाददाता – कानपुर देहात
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुबोध कुमार द्वारा जनपद के रसूलाबाद क्षेत्र स्थित अस्थायी गौशाला असालतगंज का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में कुल 325 गोवंश संरक्षित पाए गए।
निरीक्षण में गौशाला में लगभग 400 कुंतल भूसा एवं 08 कुंतल पशु आहार उपलब्ध पाया गया। चारही में हरे चारे के डंठल पाए जाने पर उपस्थित केयरटेकर को निर्देश दिए गए कि हरे चारे को काटकर भूसे के साथ मिलाकर गोवंश को खिलाया जाए, जिससे पशुओं को संतुलित आहार मिल सके।
निरीक्षण के दौरान गौशाला की साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने सचिव एवं ग्राम प्रधान को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित पशु चिकित्साधिकारी को गोवंश का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के भी निर्देश दिए गए, ताकि पशुओं के स्वास्थ्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने स्पष्ट किया कि गौशालाओं में संरक्षित गोवंश की देखभाल, स्वच्छता एवं पोषण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी स्वीकार्य नहीं होगी।