4 करोड़ रुपये की निर्माणाधीन परियोजना का औचक निरीक्षण

आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज बबीना में ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण में तकनीकी खामियां उजागर

संवाददाता
उरई/जालौन

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज बबीना परिसर में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन शिक्षकों के ट्रांजिट हॉस्टल का औचक निरीक्षण किया। यह निर्माण कार्य यूपी सिडको कार्यदायी संस्था द्वारा कराया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि भवन की छत को विद्युत लाइट फिटिंग के लिए काटा गया है, जो निर्माण मानकों के विपरीत है तथा इससे भवन की संरचनात्मक मजबूती प्रभावित हो सकती है। इसके अतिरिक्त निर्माण कार्य में फिनिशिंग का अभाव भी पाया गया, जिससे गुणवत्ता पर प्रश्नचिन्ह खड़ा होता है।

निर्माण कार्य में पाई गई तकनीकी कमियों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए परियोजना की टीएसी (टेक्निकल ऑडिट कमेटी) से जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था पर 10 प्रतिशत एलडी क्लॉज (लिक्विडेटेड डैमेज) लगाए जाने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासकीय निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं मानकों से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी तकनीकी खामियों को शीघ्र दूर कर मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण कराया जाए।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कालपी मनोज सिंह, खंड विकास अधिकारी संदीप मिश्रा, कॉलेज के शिक्षक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *