भारत विकसित – उत्तर प्रदेश उन्नत के संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का भव्य शुभारंभ

संवाददाता — उरई/जालौन

भारत विकसित – उत्तर प्रदेश उन्नत के संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी रहे। इस अवसर पर सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि डॉ. घनश्याम अनुरागी ने अपने उद्बोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना एवं सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रदेश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर और सशक्त बनेगा।

सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस केवल उत्सव नहीं बल्कि प्रदेश की गौरवशाली विरासत और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने युवाओं से शिक्षा, अनुशासन एवं नवाचार को अपनाकर प्रदेश निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश असीम संभावनाओं से परिपूर्ण है।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने प्रशासन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनपद प्रशासन पारदर्शिता और सेवा भावना के साथ शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि सुरक्षित वातावरण विकास की आधारशिला है। जनपद पुलिस कानून व्यवस्था के साथ सामाजिक सहभागिता को भी मजबूत कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा दिव्यांगजनों को 10 ट्राईसाइकिल वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहयोग दिया गया।

इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का समापन विकसित उत्तर प्रदेश – समृद्ध भारत के संकल्प के साथ किया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *