बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में व्यापारी समाज का विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन

संवाददाता
उरई (जालौन)।

बांग्लादेश में हिंदू भाइयों पर हो रहे अत्याचार, हिंसा एवं अमानवीय घटनाओं के विरोध में मंगलवार को उरई नगर के घंटाघर बाजार में व्यापारी समाज एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा संयुक्त तत्वावधान में विशाल विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने बांग्लादेश का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की तथा नारेबाजी करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकृष्ट किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के साथ लगातार हो रहे अत्याचार मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

प्रदर्शन के दौरान व्यापारी समाज एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने देश के प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन तैयार कर प्रशासन के माध्यम से भेजने की मांग की। ज्ञापन में भारत सरकार से अपील की गई कि वह इस गंभीर विषय पर कूटनीतिक स्तर पर ठोस कदम उठाए तथा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा का मुद्दा मजबूती से उठाए।

प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाने की मांग करते हुए कहा कि वहां रह रहे हिंदू समुदाय की जान-माल एवं धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार नहीं रुके, तो व्यापारी समाज एवं सामाजिक संगठन आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

इस दौरान व्यापारी नेता, सामाजिक संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में बांग्लादेश में हिंदुओं के प्रति हो रहे अत्याचारों की कड़ी निंदा की और पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *