राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत माल एवं यात्री वाहनों के विरुद्ध चला विशेष अभियान

संवाददाता — उरई/जालौन

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जनपद जालौन में दिनांक 24 जनवरी 2026 को बिना नंबर प्लेट, कूट रचित नंबर प्लेट, माल वाहनों एवं यात्री वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन की कार्रवाई करते हुए चालान किए गए।

23 जनवरी 2026 की रात्रि में उपजिलाधिकारी जालौन श्री हेमंत पटेल के नेतृत्व में परिवहन विभाग, खनिज विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से माल वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान तीन ओवरलोड वाहन पकड़े गए, जिन्हें कोतवाली जालौन में पुलिस अभिरक्षा में निरुद्ध किया गया। इनमें से दो वाहन ओवरलोड होने के साथ-साथ एन.आर. (बिना पंजीकरण) पाए गए, जिनके विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

24 जनवरी 2026 को वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) श्री सुरेश कुमार तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्री राजेश कुमार के नेतृत्व में प्रथम दल द्वारा शहर के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच की गई। बिना नंबर प्लेट, कूट रचित नंबर प्लेट तथा नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।

जागरूकता अभियान के अंतर्गत वाहन चालकों को एचएसआरपी नंबर प्लेट लगवाने, ओवरलोडिंग न करने, माल वाहनों में सवारियां न बैठाने तथा कोहरे एवं रात्रि के समय रिफ्लेक्टर टेप लगाने की सलाह दी गई।

साथ ही चालकों को नशे की हालत में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, ओवरस्पीड एवं गलत दिशा में वाहन न चलाने, सभी वैध प्रपत्र साथ रखने, क्षमता से अधिक सवारियां न ढोने एवं कोहरे के समय गति सीमित रखने जैसे सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *