मिशन शक्ति 5.0: बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान

कानपुर देहात पुलिस ने महिलाओं व बालिकाओं को बताए कानूनी अधिकार व हेल्पलाइन नंबर

संवाददाता — कानपुर देहात

दिनांक 12.01.2026 को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक महोदया श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान थाना स्तर की पुलिस टीमों ने सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं, कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। महिलाओं को आपात स्थिति में सहायता के लिए 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ लेने के तरीकों से अवगत कराया गया तथा सोशल मीडिया व डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होने वाले साइबर अपराधों—जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी अकाउंट से बचाव—के प्रति सतर्क रहने के सुझाव दिए गए।

कानूनी अधिकारों के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा आईटी एक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करें।

अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करना रहा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *