राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत झांसी–कानपुर हाइवे पर जागरूकता अभियान

एट टोल प्लाजा पर हेलमेट, सीट बेल्ट व रिफ्लेक्टर के प्रयोग को लेकर किया गया जागरूक

संवाददाता — उरई/जालौन

दिनांक 12 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत झांसी–कानपुर हाइवे पर स्थित जनपद के एट टोल प्लाजा पर सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट एवं रिफ्लेक्टर के प्रयोग के प्रति जागरूक किया गया।

जागरूकता कार्यक्रम में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार, एट टोल मैनेजर के.के. शुक्ला, तथा प्रवर्तन दल के सदस्य राहुल चौहान, शिवप्रकाश तोमर, उमेश तिवारी, जगदीश, अरविन्द्र सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की जांच की गई।

जो वाहन चालक हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करते हुए पाए गए, उन्हें फूल देकर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं, बिना हेलमेट व सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले चालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए यातायात नियमों के पालन की सख्त हिदायत दी गई। इसके अतिरिक्त बिना रिफ्लेक्टर के संचालित भारी व व्यावसायिक वाहनों (ट्रक, ट्रैक्टर, टैम्पो, टैक्सी आदि) पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए।

अधिकारियों द्वारा वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन न चलाने, तेज गति से वाहन न चलाने, स्टंट न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करने तथा सामने चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।

अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना एवं आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना रहा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *