मिशन शक्ति 5.0: कानपुर देहात पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण हेतु जागरूकता अभियान संचालित

संवाददाता – कानपुर देहात

महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दिनांक 27 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह अभियान पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में संचालित किया गया।

अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त थानों की पुलिस टीमों द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, अपराधों से बचाव के उपायों तथा विभिन्न सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देना रहा।

इस दौरान प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम 1076 की जानकारी दी गई। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ लेने के तरीके बताए गए तथा सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक सुझाव साझा किए गए।

महिलाओं को उनके अधिकारों से अवगत कराते हुए POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट के अंतर्गत साइबर अपराधों से संबंधित कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कानपुर देहात पुलिस ने दोहराया कि वह “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” की भावना के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। जनपदवासियों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें अथवा 112 पर कॉल करें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *