संवाददाता – उरई/जालौन
महिला परिवार परामर्श केंद्र द्वारा वैचारिक मतभेद के कारण टूटने की कगार पर पहुंचे परिवारों के विवादों को निरंतर गंभीरता से सुना जा रहा है। इसी क्रम में परिवार परामर्श टीम के सहयोग से तीन परिवारों के बीच आपसी समझौता कराकर उन्हें बिखरने से बचाया गया।
परामर्श केंद्र में महिला पुलिस अधिकारियों एवं अन्य नामित सदस्यों द्वारा पति-पत्नी एवं उनके परिजनों के मध्य उत्पन्न विवादों की काउंसलिंग की गई। काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों को शांतिपूर्वक अपनी बात रखने का अवसर दिया गया तथा आपसी संवाद, संयम और पारिवारिक मूल्यों के महत्व को समझाया गया।
परामर्श के सकारात्मक परिणामस्वरूप दोनों पक्षों ने भविष्य में आपसी मतभेदों को बातचीत के माध्यम से सुलझाने, किसी भी प्रकार के लड़ाई-झगड़े से बचने तथा पारिवारिक कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में साथ रहने का संकल्प लिया।
आपसी सुलह के उपरांत दंपत्ति जोड़ों को एक-दूसरे के साथ सामंजस्य स्थापित कर पारिवारिक दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन करने की सलाह दी गई। महिला परिवार परामर्श केंद्र की यह पहल परिवारों को जोड़ने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में सराहनीय प्रयास मानी जा रही है।