महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर अंतर्विभागीय तालमेल मजबूत करने पर जोर
संवाददाता
कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु संचालित “मिशन शक्ति फेज-5.0” को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से दिनांक 28 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस लाइन सभागार कक्ष में एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी सिकन्दरा, सुश्री प्रिया सिंह द्वारा की गई।
बैठक में जनपद के समस्त मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, प्रोबेशन विभाग तथा चिकित्सा विभाग के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बैठक का मुख्य उद्देश्य पीड़ित महिलाओं एवं बच्चों को त्वरित न्याय, चिकित्सकीय सहायता, कानूनी परामर्श एवं पुनर्वास सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को सुदृढ़ करना रहा।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सिकन्दरा ने कहा कि “मिशन शक्ति केंद्र केवल शिकायत दर्ज कराने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह एक ऐसा सशक्त मंच है जहाँ पीड़ितों को एक ही स्थान पर संपूर्ण सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाना चाहिए। सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से ही भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण का निर्माण संभव है।”
उन्होंने सभी मिशन शक्ति केंद्रों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत की समयबद्ध निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ित को हर स्तर पर सम्मान एवं सहयोग प्रदान किया जाए। कानपुर देहात पुलिस का यह सतत प्रयास है कि मिशन शक्ति फेज-5.0 के माध्यम से जनपद की प्रत्येक महिला एवं बच्चा स्वयं को सुरक्षित एवं सशक्त महसूस कर सके।