एजेंसी
अमेरिका के बड़े हिस्से में आए शक्तिशाली शीतकालीन तूफान ने भारी तबाही मचाई है। भीषण बर्फबारी, तेज हवाओं और रिकॉर्ड तोड़ ठंड के कारण अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करोड़ों लोग अत्यधिक ठंड और बर्फीले हालात से जूझ रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कई राज्यों में सड़कों पर जमी बर्फ और फिसलन के कारण हादसे हुए हैं। कुछ स्थानों पर वाहन बर्फ में फंस गए, वहीं तेज ठंड के चलते हाइपोथर्मिया से भी मौतें हुई हैं। न्यूयॉर्क, मैसाचुसेट्स, इलिनॉय, ओहायो और टेक्सास समेत कई राज्यों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।
अधिकारियों ने बताया कि लाखों लोग बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। कई इलाकों में स्कूल, कार्यालय और उड़ान सेवाएं रद्द करनी पड़ी हैं। नेशनल वेदर सर्विस (एनडब्ल्यूएस) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में तापमान शून्य से काफी नीचे जा सकता है और हालात और बिगड़ सकते हैं।
तूफान के चलते आपातकालीन सेवाओं पर भी भारी दबाव है। कई राज्यों में कोल्ड अलर्ट जारी किया गया है और लोगों से बिना जरूरी कारण घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई है। प्रशासन ने बेघर लोगों के लिए अस्थायी शेल्टर होम खोले हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, फरवरी के अंत तक ठंड का असर बना रह सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह इस सर्दी का सबसे खतरनाक शीतकालीन तूफान साबित हो सकता है।