जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश दिवस, गणतंत्र दिवस एवं राष्ट्रीय मतदाता दिवस के सफल आयोजन हेतु की समीक्षा बैठक

26 जनवरी की पूर्व संध्या पर शासकीय भवनों पर की जाए आकर्षक प्रकाश व्यवस्था : जिलाधिकारी

संवाददाता
कानपुर देहात

आगामी उत्तर प्रदेश दिवस, गणतंत्र दिवस एवं राष्ट्रीय मतदाता दिवस के गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस, गणतंत्र दिवस एवं राष्ट्रीय मतदाता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर राज्य की सांस्कृतिक विरासत, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संविधान के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करते हुए सभी कार्यक्रम पूर्ण गरिमा, अनुशासन एवं भव्यता के साथ आयोजित किए जाएं।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि उत्तर प्रदेश दिवस एवं गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त शासकीय भवनों, कार्यालयों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर समुचित एवं आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की जाए। विशेष रूप से उन्होंने कहा कि 26 जनवरी की पूर्व संध्या पर सभी शासकीय भवनों को प्रकाश से सजाया जाए। साथ ही सभी कार्यालयाध्यक्षों को अपने-अपने परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

गणतंत्र दिवस कार्यक्रमों को लेकर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में नियत समय पर ध्वजारोहण सुनिश्चित करें। कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। सभी आवश्यक तैयारियां पूर्व से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद के विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरी, चित्रकला, स्लोगन लेखन एवं निबंध प्रतियोगिता आदि का आयोजन कराया जाए। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, संविधान की मूल भावना एवं मतदान के महत्व से अवगत कराया जाए।

इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी 26 जनवरी को महिला एवं पुरुष साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रैली के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं चिकित्सा व्यवस्था के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।

बैठक में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के आयोजन पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवा एवं नव मतदाताओं को अपने मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान अत्यंत आवश्यक है।

अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि उत्तर प्रदेश दिवस, गणतंत्र दिवस एवं राष्ट्रीय मतदाता दिवस से संबंधित सभी कार्यक्रमों में आपसी समन्वय बनाए रखें तथा सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों की अवहेलना या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, उप जिलाधिकारी अकबरपुर, उपायुक्त उद्योग सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि जनपद में सभी कार्यक्रम पूर्ण गरिमा, उत्साह एवं अनुशासन के साथ सम्पन्न कराए जाएंगे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *