मुख्य विकास अधिकारी ने जल जीवन मिशन की समीक्षा की

कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता व समयसीमा के पालन के दिए सख्त निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात

जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद में संचालित कार्यों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित सभागार में आयोजित बैठक में की गई। बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे एवं पूर्ण किए गए कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अभियंता, जल निगम को निर्देशित किया कि वे कार्यदायी संस्थाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करें तथा उसकी रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए जा रहे सभी कार्यों में मानक एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने कहा कि जिन कार्यदायी संस्थाओं की प्रगति धीमी है, वे श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाएं और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। जिन ग्रामों में पाइप से जल आपूर्ति का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां तत्काल सत्यापन कराया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि पाइप लाइन बिछाने के पश्चात रोड रिस्टोरेशन (सड़क मरम्मत) का कार्य शीघ्रता से एवं अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य प्रगति में तेजी लाते हुए सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं।

अंत में उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन कार्यदायी संस्थाओं की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई जाएगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम सहित संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *