बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को बताए गए अधिकार और सुरक्षा उपाय
संवाददाता – कानपुर देहात
महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दिनांक 02 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त थानों की पुलिस टीमों द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न सुरक्षा योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा साइबर अपराधों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने के तरीके बताए गए।
इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों—फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल/खातों से धोखाधड़ी—से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां और व्यावहारिक सुझाव साझा किए गए।
कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं को POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट के अंतर्गत साइबर अपराधों से संबंधित प्रावधानों के बारे में भी अवगत कराया गया।
कानपुर देहात पुलिस ने दोहराया कि वह “सशक्त नारी, सुरक्षित समाज” की भावना के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।