संवाददाता — उरई/जालौन
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद जालौन में लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मताधिकार के प्रयोग की शपथ दिलाई गई।
शपथ के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारी/कर्मचारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्य बनाए रखने, निर्भीक होकर मतदान करने तथा धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा या किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना प्रत्येक निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प दिलाया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना ही नहीं, बल्कि स्वयं मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाना भी प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का कर्तव्य है।
इस अवसर पर उपस्थित समस्त पुलिसकर्मियों ने शपथ लेते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा एवं निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।