जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में की जनसुनवाई, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

संवाददाता – कानपुर देहात

जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा प्रत्येक प्रकरण के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति से समय-समय पर अवगत कराया जाए, जिससे जनसामान्य का प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि पोर्टल पर प्राप्त किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए। सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके।

जनसुनवाई को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से जनपद स्तर के समस्त अधिकारी, उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (ज़ूम) के माध्यम से जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई एवं आईजीआरएस से संबंधित प्रकरणों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन को त्वरित राहत प्रदान की जाए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह सहित अतिरिक्त मजिस्ट्रेट एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *