उत्तर प्रदेश दिवस के आयोजन को लेकर हुई समीक्षा बैठक

तैयारियों को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात

दिनांक 24 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश दिवस के भव्य एवं सफल आयोजन को लेकर विकास भवन स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा की गई। बैठक में जनपद के समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने उत्तर प्रदेश दिवस के आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अवगत कराया कि 24 जनवरी 2026 को ईको पार्क, माती में माननीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सभी विभागीय अधिकारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप समस्त तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत एवं विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। अतः इसे पूर्ण गरिमा, अनुशासन एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाए।

बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाई जाएंगी, जिनके माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों एवं उपलब्धियों की जानकारी आम नागरिकों को दी जाएगी। इन स्टॉलों में स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, कृषि, समाज कल्याण, कौशल विकास सहित अन्य विभागों की योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक एवं अन्य लाभों का वितरण किया जाए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचे। उन्होंने यह भी कहा कि लाभार्थी वितरण की प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित होनी चाहिए।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप “विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत” थीम पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए, जिसमें प्रदेश की प्रगति, औद्योगिक विकास, बुनियादी ढांचे, सामाजिक उत्थान एवं सांस्कृतिक पहचान को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया जाए। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोक कला एवं स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, यातायात एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय रहते सुनिश्चित किया जाए। सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।

अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने अपेक्षा व्यक्त की कि उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन जनपद में एक यादगार, प्रेरणादायक एवं जनसहभागिता से परिपूर्ण कार्यक्रम के रूप में सम्पन्न कराया जाए, जिससे प्रदेश की सकारात्मक छवि को और अधिक मजबूती मिले।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, डीसी मनरेगा अशोक कुमार, उप कृषि निदेशक हरिशंकर भार्गव, उपायुक्त एनआरएलएम गंगाराम वर्मा, उपायुक्त उद्योग मो. सऊद, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *