प्रभारी मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने की विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा, दिए अहम निर्देश जन शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और स्वच्छता अभियान पर विशेष जोर

संवाददाता, कानपुर देहात |

उत्तर प्रदेश के मत्स्य विभाग के मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद की अध्यक्षता में कानपुर देहात के कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती रेणुका सचान, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण, जर्जर विद्युत पोल व तारों को बदलने तथा रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपभोक्ता संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने पर जोर दिया।

उन्होंने पोखरों में पानी भराने, खराब हैंडपंपों का रीबोर कराने और नहरों में पानी छोड़े जाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिला चिकित्सालय में सीएमएस का चार्ज शीघ्र हस्तांतरित करने तथा नर्सिंग होम्स के निरीक्षण के लिए संयुक्त टीम गठित करने को कहा।

स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष बल देते हुए मंत्री ने नगर निकायों को एंटी-लार्वा छिड़काव, फॉगिंग और विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही सार्वजनिक शौचालयों और मलिन बस्तियों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी विद्यालयों व सार्वजनिक स्थलों पर नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा विभाग को निजी विद्यालयों में फीस निर्धारण से संबंधित समिति की बैठक शीघ्र आयोजित करने, जल जीवन मिशन के शेष कार्यों को पूरा करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। रनिया क्षेत्र में क्रोमियम प्रभावित इलाकों में जनजागरूकता, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा वन विभाग को वृक्षों के संरक्षण और आगामी वृक्षारोपण की तैयारी, कृषि विभाग को किसानों के प्रशिक्षण व संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मत्स्य विभाग को योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत अधिकाधिक लाभार्थियों को जोड़ने पर भी बल दिया गया।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सुदृढ़ कानून व्यवस्था स्थापित की जाए, विकास कार्यों में तेजी लाई जाए और पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।

अंत में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डीएफओ, जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *