कानपुर देहात।
जनपद में अपराध नियंत्रण एवं घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रसूलाबाद पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 26 दिसंबर 2025 को वादिनी शकुन्तला देवी, पत्नी रामशंकर, निवासी ग्राम नौहा नौगांव थाना रसूलाबाद, द्वारा थाने में तहरीर दी गई थी। शिकायत में बताया गया कि 14 दिसंबर 2025 की रात करीब 10 बजे उनके पति खेत में पानी लगा रहे थे, तभी विकास यादव, शीबू यादव, कमलेश यादव और दो अज्ञात व्यक्तियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने कुल्हाड़ी से सिर और हाथ पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए।
इस संबंध में थाना रसूलाबाद पर मु0अ0सं0 0552/2025 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर अन्य धाराओं की भी बढ़ोतरी की गई।
इसी क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 अप्रैल 2026 को तीनों नामजद आरोपियों—विकास यादव (उम्र लगभग 28 वर्ष), शीबू यादव (उम्र लगभग 25 वर्ष) और कमलेश यादव (उम्र लगभग 46 वर्ष), निवासीगण ग्राम कुशलपुरवा नौहा नौगांव, थाना रसूलाबाद—को विषधन तिराहा क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य दो अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है और उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई प्रचलित है। गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी तिश्ती उपनिरीक्षक बृजेश कुमार, कांस्टेबल सरवरे आलम, कांस्टेबल सूर्यसेन एवं कांस्टेबल अजय पाल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।