कानपुर देहात।
जनपद में आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी कपिल सिंह ने प्रभात इंजीनियरिंग कॉलेज, बारा (अकबरपुर) में दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया।
शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए जनगणना के राष्ट्रीय महत्व, प्रशासनिक उपयोगिता और इसकी संवेदनशीलता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध जनगणना से शासन को जनसंख्या, आवासीय संरचना, संसाधनों की उपलब्धता और नागरिक सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का सही आकलन मिलता है।
उन्होंने बताया कि जनगणना के आंकड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, सड़क, बिजली, सामाजिक सुरक्षा, खाद्य वितरण, शहरी एवं ग्रामीण विकास तथा आपदा प्रबंधन जैसी योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रगणकों और सुपरवाइजर्स की जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक मकान, परिवार और नागरिक का विवरण पूरी शुद्धता और सावधानी के साथ दर्ज करें।
जिलाधिकारी ने प्रशिक्षुओं से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का पूर्ण उपयोग करें, निर्धारित प्रारूपों एवं डिजिटल माध्यमों का सही ढंग से प्रयोग करें और किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचें।
जनगणना प्रथम चरण की समय-सीमा
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके पूर्व 7 मई से 21 मई 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे नागरिक स्वयं ऑनलाइन अपने विवरण दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिकतम उपयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी प्रगणक एवं सुपरवाइजर्स निर्धारित समय-सारणी का पालन करें, अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दें।
प्रशासन की तैयारियां
जनपद स्तर पर जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रमों की श्रृंखला के माध्यम से सभी संबंधित कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि कार्य में एकरूपता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि जनपद कानपुर देहात जनगणना कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा और सटीक आंकड़ों के माध्यम से विकास की नई दिशा तय करेगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नीलिमा यादव, तहसीलदार अकबरपुर पवन कुमार, नायब तहसीलदार रविंद्र मित्र, खंड शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत अकबरपुर, जनगणना नोडल अधिकारी वर्तिका गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।