संवाददाता
कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई, जिसमें जनपद के विभिन्न तहसीलों एवं ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों का समाधान निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की प्रगति की जानकारी समय-समय पर दी जाए, जिससे प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत हो सके।
उन्होंने शासन की प्राथमिकता योजनाओं के अंतर्गत संचालित आईजीआरएस पोर्टल की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी शिकायत लंबित न रहे और सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जनपद स्तरीय अधिकारी, उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (जूम) के माध्यम से जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई एवं आईजीआरएस से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन को त्वरित राहत प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, जिसका उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि उनका संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने कार्यालयों में प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक जनसुनवाई आयोजित करें।