संवाददाता
कानपुर देहात
मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत दिनांक 09 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया।
अभियान के तहत सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों एवं अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) की जानकारी भी साझा की गई।
इसके अतिरिक्त, UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ लेने तथा सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों—जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी प्रोफाइल से जुड़ी धोखाधड़ी—से बचाव के बारे में भी व्यावहारिक जानकारी दी गई।
महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
पुलिस विभाग ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करना है। साथ ही सभी महिलाओं से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।