मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया

कानपुर देहात।
मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत दिनांक 08 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अभियान के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने लोगों को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी अवगत कराया, जिनमें 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) और 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) शामिल हैं।

अभियान के दौरान UPCOP ऐप के उपयोग की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके माध्यम से नागरिक पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ उठा सकते हैं। साथ ही साइबर अपराध जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी प्रोफाइल से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।

महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के बारे में जानकारी दी गई।

पुलिस विभाग ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना है। साथ ही अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को सख्ती से लागू किया जा रहा है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता प्रदान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *