उरई / जालौन।
नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति 5.0 (चरण-2) के अंतर्गत विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन 1090, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार सृजन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जनपद में महिला सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें एंटी रोमियो स्क्वॉड की सक्रियता, महिला हेल्पलाइन सेवाएं तथा त्वरित शिकायत निस्तारण शामिल है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी समस्या की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 और 181 का निडर होकर उपयोग करें।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा, क्षेत्राधिकारी राजीव शर्मा, कार्यक्रम अधिकारी शरद अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, समाजसेविकाएं एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।