स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच के लिए विशेष अभियान जारी, 4 वाहन किए गए निरुद्ध

उरई, 07 अप्रैल 2026 (सू०वि०)।

कार्यालय परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए जनपद में 01 अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच हेतु विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 07 अप्रैल 2026 को प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जालौन राजेश कुमार के नेतृत्व में प्रथम दल द्वारा 04 स्कूली वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इन वाहनों द्वारा परमिट शर्तों का उल्लंघन एवं अन्य अनियमितताएं पाई गईं, जिसके चलते उन्हें चालान करते हुए थाना कुठौन्द में निरुद्ध किया गया। उक्त वाहन छात्र-छात्राओं को लाने-ले जाने का कार्य कर रहे थे।

अभियान के तहत जनपद के समस्त विद्यालय संचालकों एवं प्रधानाचार्यों से अपील की गई है कि वे अपने विद्यालय एवं वाहनों का डेटा निर्धारित वेबसाइट (https://upisvmp.com/) पर अनिवार्य रूप से अपलोड कराएं। साथ ही, सभी दस्तावेजों एवं वाहनों की समय से जांच सुनिश्चित करें, जिससे निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अभियान के प्रमुख बिंदु इस प्रकार हैं:

  • बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र एवं परमिट के संचालित वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई
  • वाहनों में सीसीटीवी कैमरा, पैनिक बटन, फर्स्ट एड बॉक्स एवं अग्निशमन यंत्र की अनिवार्य उपलब्धता
  • चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन बीमा एवं प्रदूषण प्रमाणपत्र का अद्यतन होना
  • ओवरलोडिंग पर सख्त प्रतिबंध, उल्लंघन करने पर चालान एवं वाहन सीज

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यह विशेष अभियान 15 अप्रैल 2026 तक निरंतर संचालित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *