ग्राम पंचायत कुकोहुनू में विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप, बिना कार्य कराए निकाली गई धनराशि

संवाददाता
उरई / जालौन

जनपद जालौन के ब्लॉक महेवा अंतर्गत ग्राम पंचायत कुकोहुनू के ग्राम टड़वा व डड़वा में विकास कार्यों में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। गांव के निवासी उदयराज सिंह पुत्र अतर सिंह ने ग्राम प्रधान पर आरोप लगाते हुए बताया कि कई कार्य बिना कराए ही कागजों में पूर्ण दिखाकर उनकी धनराशि निकाल ली गई है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, गांव में कई शौचालय वास्तव में बने ही नहीं हैं, लेकिन रिकॉर्ड में निर्माण दर्शाकर भुगतान कर लिया गया। इसके अतिरिक्त भूमसेन बाबा मंदिर परिसर में इंटरलॉकिंग का कार्य भी नहीं कराया गया, जबकि उसके नाम पर भी धनराशि आहरित की गई है।

उन्होंने आगे बताया कि तार फिनिशिंग, कैटल शेड और गेट निर्माण जैसे कार्य भी धरातल पर नहीं हुए हैं, लेकिन इन मदों में भी भुगतान दर्शाया गया है।

उदयराज सिंह ने दिनांक 07 अप्रैल 2026 को मुख्य विकास अधिकारी, उरई को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कराने की मांग की है।

गौरतलब है कि शिकायतकर्ता दिव्यांग हैं और उनका आरोप है कि प्रधान पति रामकुमार द्वारा उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं। इसके बावजूद उन्होंने साहस दिखाते हुए उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *