₹25,000 का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

संवाददाता | कानपुर देहात | दिनांक: 06 अप्रैल 2026

कानपुर देहात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चोरी, छिनैती और लूट जैसी घटनाओं में वांछित ₹25,000 के इनामी अभियुक्त को थाना भोगनीपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।

मुठभेड़ का पूरा घटनाक्रम

अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन व पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 05 अप्रैल 2026 को थाना भोगनीपुर पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान एक अपाचे मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया।

पुलिस को देख दोनों आरोपी भागने लगे, इसी दौरान उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुल्तान पुत्र पीर मोहम्मद, निवासी गंगापार, थाना गंगाघाट, जनपद उन्नाव (उम्र करीब 24 वर्ष) के रूप में हुई है।
यह अभियुक्त थाना भोगनीपुर के एक मामले में वांछित था और उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित था।

फरार अभियुक्त

दूसरे अभियुक्त की पहचान रिजवान अत्ता उर्फ पहलवान निवासी कलक्टरगंज, कानपुर नगर के रूप में हुई है, जिसकी तलाश जारी है।

बरामदगी

गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से पुलिस ने निम्न सामान बरामद किया—

  • 01 तमंचा 315 बोर
  • 02 खोखा कारतूस व 02 जिंदा कारतूस
  • ₹12,400 नकद
  • 01 एंड्रॉयड मोबाइल (Redmi 13C)
  • पीली धातु का टूटा हुआ झाला व चैन
  • 01 मोटरसाइकिल (TVS Apache RTR 200, UP78ER6827)

अपराधिक इतिहास

गिरफ्तार अभियुक्त सुल्तान के विरुद्ध कानपुर नगर, उन्नाव व कानपुर देहात में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित करीब डेढ़ दर्जन गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

कानूनी कार्रवाई

मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर जानलेवा फायरिंग, अवैध हथियार बरामदगी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर थाना भोगनीपुर में धारा 109(1)/307/317 BNS व 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार हेतु सीएचसी पुखरायां भेजा गया है। घटनास्थल का निरीक्षण फील्ड यूनिट द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *