‘स्कूल चलो अभियान’ से शिक्षा बने जनआंदोलन, हर बच्चे तक पहुंचे ज्ञान का अधिकार

जालौन | 04 अप्रैल 2026

प्रदेश के मा० मुख्यमंत्री द्वारा वाराणसी के कंपोजिट विद्यालय, शिवपुर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ करते हुए शत-प्रतिशत नामांकन एवं ट्रांजिशन सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। इस दौरान निपुण विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।

जनपद जालौन में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी बच्चों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान डीएलएड प्रशिक्षुओं द्वारा किए गए थर्ड पार्टी असेसमेंट में निपुण घोषित जनपद के 269 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने शिक्षकों की निष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किए।

जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी ने कहा कि ‘स्कूल चलो अभियान’ केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का अभियान है। उन्होंने आह्वान किया कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की।

माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि शिक्षा ही विकास की वास्तविक कुंजी है और इस अभियान के माध्यम से प्रत्येक बच्चा शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़कर आत्मनिर्भर बनेगा।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि जनपद में ‘स्कूल चलो अभियान’ को मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी गैर-नामांकित बच्चों को चिन्हित कर विद्यालय से जोड़ा जाए। साथ ही शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर प्रत्येक छात्र को निपुण बनाने का लक्ष्य प्राप्त करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि ‘हर बच्चा स्कूल, हर बच्चा निपुण’ के लक्ष्य को जनपद में पूर्ण रूप से साकार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *