कस्तूरबा विद्यालय में डीएम का औचक निरीक्षण, छात्राओं से किया संवाद

जालौन | 04 अप्रैल 2026

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय छौक का औचक निरीक्षण कर वहां की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, रहन-सहन और विद्यालय की सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने छात्राओं से पहाड़े सुनकर उनकी शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन किया और उन्हें नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्राओं ने अपनी आवश्यकताएं रखते हुए पुस्तकों और अतिरिक्त नोटबुक्स की उपलब्धता, विद्यालय के सामने मैदान का समतलीकरण तथा मुख्य बाउंड्री वॉल को ऊंचा किए जाने की मांग की।

जिलाधिकारी ने छात्राओं की मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुस्तकों एवं नोटबुक्स की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाए। साथ ही मैदान समतलीकरण और सुरक्षा की दृष्टि से बाउंड्री वॉल को मजबूत करने के लिए आवश्यक कार्यवाही जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भोजन व्यवस्था का भी जायजा लिया। छात्राओं ने बताया कि उन्हें निर्धारित मेन्यू के अनुसार समय पर भोजन मिल रहा है, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने छात्राओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे तुरंत अपनी वार्डन को अवगत कराएं, ताकि उसका त्वरित समाधान किया जा सके। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए और विद्यालय को एक आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित किया जाए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, वार्डन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *